हजारों रुपये खर्च कर लगाई गई पीली लाइनों का होगा इस्तेमाल, नियम तोड़ने वालों पर सख्ती – Republic News 24×7

हजारों रुपये खर्च कर लगाई गई पीली लाइनों का होगा इस्तेमाल, नियम तोड़ने वालों पर सख्ती

फगवाड़ा शहर में बढ़ते अतिक्रमण और ट्रैफिक समस्या को लेकर नगर निगम ने अब सख्त रुख अपना लिया है। मेयर रामपाल उप्पल ने साफ कर दिया है कि सरकारी जमीनों और बाजारों में किए गए अवैध कब्जों को अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर को सुंदर, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाना नगर निगम की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मेयर रामपाल उप्पल ने कहा कि नगर निगम द्वारा पहले ही पूरे शहर में पीली लाइनें लगाई गई थीं ताकि दुकानदारों और लोगों को सीमाओं की जानकारी रहे और सड़कें व्यवस्थित रह सकें। उन्होंने कहा कि अब अतिक्रमण करने वालों को अंतिम चेतावनी दी जा रही है। जो लोग तंग बाजारों, बंगा रोड, सिनेमा रोड और अन्य व्यस्त इलाकों में सरकारी जगह पर कब्जा किए हुए हैं, वे खुद अपने कब्जे तुरंत हटा लें।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आखिरी चेतावनी के बाद भी यदि किसी ने नियमों का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ भारी जुर्माना लगाया जाएगा और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम की ओर से किसी भी अतिक्रमणकारी को अब अतिरिक्त समय या कोई और मौका नहीं दिया जाएगा। मेयर ने बताया कि इस बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल नोटिस जारी करने तक सीमित नहीं रहेगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय फगवाड़ा पुलिस को भी इसमें शामिल किया जा रहा है। जल्द ही नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीमें बाजारों और प्रमुख इलाकों में कार्रवाई करेंगी। उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने वालों का सामान जब्त किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ मामले भी दर्ज करवाए जाएंगे। मेयर ने शहरवासियों और दुकानदारों से अपील की कि वे फगवाड़ा के विकास, बेहतर यातायात व्यवस्था और साफ-सुथरे शहर के निर्माण में नगर निगम का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *