Independence Day Uttarakhand: राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, युवाओं से विकसित भारत में योगदान का आह्वान – Republic News 24×7

Independence Day Uttarakhand: राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, युवाओं से विकसित भारत में योगदान का आह्वान

देहरादून: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने शनिवार को लोक भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

राज्यपाल ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों, वीर शहीदों और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने वाली महान विभूतियों को याद करते हुए कहा कि वीरों का त्याग, बलिदान, साहस और राष्ट्रभक्ति स्वतंत्र भारत की सबसे बड़ी ताकत और प्रेरणा है।

‘राष्ट्र प्रथम’ और विकसित भारत का संकल्प

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें आजादी के महत्व के साथ-साथ अपने कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘राष्ट्र प्रथम’, ‘नशामुक्त भारत’ और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जन-जन का संकल्प बनाने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने कहा कि देश की युवा शक्ति, नवाचार, शिक्षा, कौशल, अनुसंधान और सामाजिक उत्तरदायित्व के जरिए आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसा भारत बनाना ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

चमोली टनल हादसे पर राज्यपाल ने जताया दुख

राज्यपाल ने चमोली टनल हादसे पर भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने आपदा की इस घड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। राज्यपाल ने राहत और बचाव अभियान में शामिल सभी एजेंसियों और टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए संकट की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग और संवेदनशीलता के साथ काम करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *