हरिद्वार के रुड़की में सनसनी, सड़क पर खून देखकर मची अफरा-तफरी – Republic News 24×7

हरिद्वार के रुड़की में सनसनी, सड़क पर खून देखकर मची अफरा-तफरी

रुड़की:-  हरिद्वार जिले के रुड़की में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गणेश चौक के पास एक युवक ने कथित तौर पर धारदार चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर लिया। सड़क पर खून फैलने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।

तुलसी हॉस्पिटल के पास अचानक उठाया कदम

जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक युवक रुड़की रेलवे स्टेशन की ओर से गणेश चौक की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह तुलसी हॉस्पिटल के पास पहुंचा, उसने अचानक अपने पास मौजूद धारदार चाकू से गर्दन पर वार कर लिया। युवक के घायल होने के बाद सड़क पर खून बहने लगा। अचानक हुई इस घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर भीड़ जुट गई।

पुलिस ने अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवक की हालत गंभीर देखते हुए पुलिसकर्मियों ने उसे अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। फिलहाल युवक की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

युवक की पहचान और कदम उठाने की वजह स्पष्ट नहीं

पुलिस के मुताबिक अभी तक घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसके पीछे की वजह भी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। युवक की पहचान होने के साथ ही उसके इस कदम के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *